जीरकपुर। ढकोली क्षेत्र में रेलवे फाटक के नजदीक सिंह बेकरी शॉप में बुधवार सुबह आग लग गई। इसके चलते दुकान में पड़ा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि आग सुबह करीब सवा पांच बजे लगी थी। इसके बाद राहगीरों ने शोर मचाया और फायर ब्रिगेड विभाग को इसकी जानकारी दी। आगजनी की घटना इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते पूरी दुकान आग की चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि आग लगने से करीब 20 से 25 लाख का नुकसान हुआ है।फायर ऑफिसर राजीव कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह 5 बजकर 52 मिनट आगजनी की सूचना मिली थी जिसके बाद मौके पर दो गाड़ियां भेजी गईं और करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है। दुकान के मालिक के अनुसार उनकी दुकान रखा खाने पीने का सारा सामान और अन्य उपकरण जलकर राख हो गए।