मोहाली। बलौंगी पुलिस ने बच्चा चुराने वाली दो महिलाओं को काबू किया है। वे जरूरतमंदों लोगों और भिखारियों को बच्चे बेचती थे। आरोपी महिलाओं की पहचान सुरेंद्र कौर वासी रामनगर कॉलोनी कालाअंब अंबाला (हरियाणा), दर्शना रानी मकान नंबर-15 नजदीक खेड़ा गांव बलटाना, जीरकपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस गश्त व चेकिंग के संबंध में बलौंगी स्थित पुल के पास मौजूद थी। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि उक्त आरोपी छोटे-छोटे बच्चों को अगवा करती है। इस काम में उनके साथ अन्य व्यक्ति भी शामिल है। वे स्पाइस चौक की तरफ से आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उक्त महिलाओं को काबू कर पूछताछ शुरू कर दी है।
स्लम एरिया होते थे टारगेट
जानकारी के अनुसार आरोपी महिलाएं स्लम एरिया में रह रहे बच्चों को निशाना बनाती थी। वहां से अगवा करने के बाद वह अच्छी खासी रकम में वह जरूरतमंदों और भिखारियों को बच्चे बेचती थी। जो आगे बच्चों से भीख मंगवाते थे। अब तक वह कई बच्चों को अपना निशाना बना चुकी है और काफी लंबे समय से इस गैरकानूनी काम में लगी हुई थी। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले बनूड़ से 10 वर्षीय मंदबुद्धि गूंगा बच्चा गायब हुआ था। खरड़ से भी ऐसे ही एक बच्चा चोरी का केस दर्ज हुआ था। पुलिस इन मामलों में भी महिलाओं से पूछताछ करके इन गुमशुदा बच्चों के बारे में पता लगाने की कोशिश करेगी। इन ज्यादातर गुमशुदा बच्चों के मां-बाप गरीब होते हैं, जो कभी-कभी तो केस तक दर्ज नहीं करवाते ।