कुराली। मोरिंडा रोड मेन चौक में सोमवार को अचानक एक पटाखों की दुकान में आग लग गई। आग की लपटे देखकर कर आसपास आतिशबाजी के बाजार में दुकानदारों में भगदड़ मच गई। भारी कोशिशों के बाद आगे पर काबू पाया गया।
मोरिंडा रोड पर आतिशबाजी मार्केट में एक दुकान के पीछे से अचानक धुंआ निकलते देखा। इसके बाद धुआं आग की लपटों में बदल गया।आग पर काबू पाने के लिए तुरंत प्रयास किया गया लेकिन लपटें तेज होती गईं। इसी दौरान साथ लगती आतिशबाजी की दुकानों पर भी अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद कर दीं। आसपास की दुकानों के कर्मचारियों ने एकदम पीछे लगी आग के बावजूद जोखिम उठाकर दुकान के आगे वाले हिस्से में पड़ी आतिशबाजी को बाहर निकालने लगे। सूचना मिलते ही शहर के स्थानीय थाना पुलिस और सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसी दौरान फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इससे दुकान को हुए नुकसान और आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मौके से मिली जानकारी के अनुसार आग बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी बताई जा रही है, जबकि कुछ लोग आग लगने का कारण इन्वर्टर फटना बता रहे हैं। आतिशबाजी मार्केट के आसपास की कॉलोनियों के निवासियों और साथ वाले दुकानदारों ने आगे बुझने के बाद ही चैन की सांस ली। शहरवासियों ने शहर में आतिशबाजी मार्केट में आतिशबाजी के भंडारण को लेकर सुरक्षा को यकीनी बनाए जाने की मांग की है।