मोहाली। नगर निगम की वित्त एवं ठेका कमेटी की बुधवार को हुई बैठक में पहले से स्वीकृत कार्यों के लिए 67 करोड़ रुपये के वर्क ऑर्डर जारी किए गए। साथ ही विकास कार्यों के लिए 4 करोड़ रुपये के नए अनुमानों को भी मंजूरी दी गई। मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू की अगुआई में हुई बैठक में जिन कार्यों को मंजूरी दी गई, उनमें मुख्य रूप से सड़कों की स्केरिफिकेशन करने तथा उन पर प्रीमिक्स डालने का कार्य शामिल है। मोहाली में इस तरह का कुछ काम पहले से ही चल रहा है। बैठक में नगर निगम कमिश्नर परमिंदर पाल सिंह, सीनियर डिप्टी मेयर अमरीक सिंह सोमल, डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी, सदस्य पार्षद जसबीर सिंह मनकू व अनुराधा आनंद के अलावा चीफ इंजीनियर नरेश बत्ता व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
खस्ताहाल सड़कों को खोदकर डाला जा प्रीमिक्स
इस मौके पर मेयर जीती सिद्धू ने कहा कि मोहाली की जिन सड़कों की खस्ता हालत हो गई थी, वहां पर प्रीमिक्स डाला जा रहा है और खासतौर पर कई सड़कों को खोदकर उन पर प्रीमिक्स डालने का काम किया जा रहा है ताकि सड़कों की ऊंचाई न बढ़े। मुख्य सड़कों पर इस बात पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्य सड़कों व आंतरिक सड़कों पर प्रीमिक्स डालने के कार्य के अलावा सीवरेज की सफाई, सड़क की सफाई व अन्य विकास कार्य भी शामिल हैं।
मेयर ने अधिकारियों को दिए निर्देश-गुणवत्ता से न हो समझौता
उन्होंने कहा कि मोहाली में आवश्यकता के अनुसार तथा विभिन्न वार्डों के पार्षदों और क्षेत्रवासियों की राय के अनुसार कार्य किए जा रहे हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे किए जा रहे कार्यों की समय-समय पर निगरानी करें ताकि गुणवत्ता से समझौता न हो। उन्होंने कहा कि यदि कराए जा रहे कार्य की गुणवत्ता में कोई कमी पाई गई तो संबंधित ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।