मोहाली। चंडीगढ़-मोहाली सीमा पर सेक्टर 53-54 की विभाजित सड़क पर बनी फर्नीचर मार्किट में मंगलवार सुबह भयंकर आग लग गई। आग सेक्टर- 54 की तरफ बनी फर्नीचर की दुकान में लगी जो आसपास की कुछ और दुकानों में फैल गई। लगभग एक दर्जन दुकानें आग में जलकर स्वाहा हो गई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। दमकल की छह से सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद करीब पांच घंटे में आग पर काबू पाया। सुबह लगभग 10 बजे आगजनी की घटना घटी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर आईं और संवेदनशील क्षेत्र से लोगों को दूर कर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। इस आगजनी में लाखों रुपये का फर्नीचर, लकड़ियां और अन्य सामान जलकर राख हो गया। आसपास के कई दुकानदार अपना सामान आग से बचाने के लिए शिफ्ट करते भी नजर आए। इस दौरान काफी फर्नीचर सड़कों पर आ गया।दमकल के आग बुझाओ अभियान के दौरान चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर 53-54 की मोहाली को जाती सड़क आम लोगों के लिए पूरी तरह बंद कर दी और दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे रहे। शाम लगभग चार बजे दमकल की गाड़ियां यहां से वापस गईं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। बता दें कि इससे पहले भी इस फर्नीचर मार्किट में कई बार आग लग चुकी है।