मोहाली। महिला ने ससुरालियों से तंग आकर खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि खुदकुशी के वक्त महिला मायके में थी। परिजनों ने आनन-फानन में आग बुझाई और उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान सिमरन कौर (43) के रूप में हुई है, जो फेज-10 की रहने वाली थी। पुलिस ने मृतका के पिता सुखविंदर सिंह के बयान पर महिला के पति गगनदीप सिंह व सास कमलजीत कौर निवासी फेज-7 के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एएसआई हरनेक सिंह ने बताया कि आरोपी फरार हैं।
विज्ञापन
सुखविंदर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उनकी लड़की सिमरन कौर की शादी एक फरवरी 2009 को गगनदीप सिंह के साथ हुई थी। आरोप है कि सिमरन को शादी के बाद से ही उसका ससुराल परिवार परेशान करने लगा था। घर पर उसका लड़ाई-झगड़ा हुआ, जिस कारण वह मायके में रहने आ गई। आठ नवंबर को उसकी बेटी ने कमरे में खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। पिता ने आरोप लगाया कि बेटी ने ससुराल परिवार से तंग आकर खुदकुशी की है।