मोहाली। गमाडा के अहम प्रोजेक्ट एरोट्रोपोलिस क्षेत्र के विस्तार के लिए प्रस्तावित जमीन अधिग्रहण के खिलाफ किसानों ने शुक्रवार को गमाडा कार्यालय के बाहर चेतावनी रैली कर प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी आपत्तियों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। किसानों के अनुसार गमाडा द्वारा आठ गांवों की करीब 3553 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के लिए नोटिफिकेशन जारी किया गया है, जबकि इसके बाद आसपास के अन्य आठ गांवों की लगभग 2500 एकड़ जमीन को भी अधिग्रहित करने की योजना है।
इसी के विरोध में गांव बड़ी, कुरड़ी, पत्तों, सियाऊ, मटरां, बाकरपुर, किशनपुरा और छत्त समेत कई गांवों के किसान एकजुट होकर आंदोलन कर रहे हैं।किसान नेताओं गुरप्रताप सिंह, एडवोकेट गुरवीर सिंह, सरपंच नाहर सिंह, जगरूप सिंह और गुरप्रीत सिंह ने बताया कि गांव स्तर पर जमीन बचाओ संघर्ष समितियां गठित की जा चुकी हैं। उनका आरोप है कि एरोट्रोपोलिस की ए, बी, सी और डी पॉकेट में अभी तक अपेक्षित विकास नहीं हुआ है, इसके बावजूद नई जमीन अधिग्रहित की जा रही है। किसानों का कहना है कि उन्होंने जमीन अधिग्रहण के खिलाफ 355 आपत्तियां दर्ज कराई हैं, लेकिन अभी तक उनका समाधान नहीं किया गया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि गमाडा ने उनकी आपत्तियों पर लिखित जवाब नहीं दिया और नोटिफिकेशन में संशोधन नहीं किया, तो वे जल्द ही पक्का धरना शुरू करने को मजबूर होंगे।