मोहाली। एरोट्रोपोलिस एक्सपेंशन के लिए छह ब्लाकों के लिए जमीन एक्वायर करने के विरोध में गमाडा दफ्तर के बाहर चल रही भूख हड़ताल शुक्रवार को तीसरे दिन में प्रवेश कर गई। शुक्रवार को गांव बड़ी के अमरीक सिंह, जरनैल सिंह, पूर्व सरपंच रणधीर सिंह, कुलवंत सिंह, दीदार सिंह बैदवान और बलबीर सिंह भूख हड़ताल पर बैठे। इस दौरान किसानों ने सरकार द्वारा जारी की गई नोटिफिकेशन विरोध करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
इस मौके किसान नेता गुरप्रताप सिंह बड़ी ने बताया कि वे स्थानीय विधायक कुलवंत सिंह से चार बार मिल चुके हैं और उन्हें स्पष्ट रूप से अपनी मांगें बता चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन बार-बार नोटिफिकेशन जारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि जब तक किसानों से बातचीत नहीं होती, तब तक कोई नया नोटिफिकेशन जारी नहीं किया जाएगा, लेकिन इसके उलट एक दिन पहले की तारीख में नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया। किसानों ने इसे सरकार की ओर से धोखा करार देते हुए कहा कि पहले पुरानी अधिग्रहित जमीनों से जुड़े मामलों का समाधान किया जाए, उसके बाद ही किसी नई प्रक्रिया पर विचार होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।