डेराबस्सी। बेहडा रोड पर स्थित पाइनर पेस्टिसाइड्स प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी की फैक्टरी में सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे आग लग गई। इससे कंपनी का काफी सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि आगजनी के इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले कंपनी की अग्निशमन व्यवस्था से आग पर तकरीबन काबू पा लिया गया था। बताया जा रहा है कि यह हादसा शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ है।
इस संबंधी कंपनी के जीएम विपन चौहान ने बताया कि फैक्टरी में कीटनाशक दवाएं पैक की जाती हैं। सोमवार दोपहर अचानक पैकिंग यूनिट में आग लग गई। उनके कर्मचारियों ने तुरंत आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हमारी फैक्टरी में आग पर काबू पाने के किए गए उचित प्रबंध की वजह से आग को केवल एक यूनिट से आगे नहीं फैलने दिया गया और फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था। इस आग में कंपनी का सामान रखने के लिए बनाया गया लोहे का शेड भी आग की तपिश से गर्मी से ढह गया। उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट ही नजर आ रहा है।