मोहाली। चंडीगढ़ के बस ऑपरेटर से रंगदारी वसूलकर भाग रहे दो बदमाशों को मोहाली पुलिस ने धर दबोचा। जबकि तीन साथी फरार हो गए। बदमाशों से पुलिस ने रिवाल्वर, छह कारतूस व 10 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। इनमें से एक के खिलाफ पहले भी मोहाली में केस दर्ज है। पकड़े गए आरोपी मोहाली के गांव जगतपुरा निवासी मनदीप सिंह व गांव कंडाला निवासी हरप्रीत सिंह हैं।
एसएसपी ने बताया कि राजिंदर सिंह ने पुलिस को सूचना दी थी कि वह और उसके साथी अपनी बसें मोहाली से यूपी के रूट पर चलाते हैं। कुछ बदमाश उन्हें मारने व धंधा बंद कराने की धमकी देकर हफ्ता वसूली कर रहे हैं। शनिवार रात बदमाश राजिंदर सिंह व उसके साथियों के पास पहुंचे और रंगदारी मांगी। विरोध किया तो बदमाशों ने रिवाल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने बस ऑपरेटर से 10 हजार रुपये वसूले और फिर आने की बात कहकर चले गए। राजिंदर सिंह ने फेज 11 थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एरिया में नाकाबंदी करा दी। इस दौरान आई-20 कार में आ रहे दो बदमाशों को तो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि तीन साथी हाथ नहीं लग सके। गिरफ्तार बदमाशों को पुलिस ने अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
फेज 11 थाना के एसएचओ जगदीप सिंह बराड़ ने बताया कि कांडला निवासी हरप्रीत सिंह के खिलाफ पिछले साल अक्तूबर में केस दर्ज हुआ था। इसमें पुलिस को उसकी तलाश थी। पुलिस इन आरोपियों का आपराधिक रिकार्ड खंगाल रही है।