पंजाब समेत सभी के ध्यानार्थ...
पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा से दो घंटे संपत्ति के बारे में पूछताछ
विजिलेंस ने जारी किया था नोटिस, मंत्री बोले -तीन चुनाव लड़े हैं, चुनाव के समय भरे एफिडेविट एजेंसी को सौंपे
माई सिटी रिपोर्टर
मोहाली। स्टेट विजिलेंस ब्यूरो की तरफ से नोटिस जारी होने के बाद पूर्व उद्योग मंत्री एवं भाजपा नेता सुंदर शाम अरोड़ा बुधवार को विजिलेंस दफ्तर पहुंचे। उनसे करीब दो घंटे तक आय से अधिक संपत्ति बनाने के संबंध में सवाल-जवाब किए गए।
पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा करीब सवा 11 बजे सेक्टर-68 स्थित विजिलेंस दफ्तर पहुंचे थे। उनके साथ उनके कुछ वकील भी थे। अरोड़ा ने कहा कि विजिलेंस ने उनसे उनकी संपत्ति के बारे में सवाल-जवाब किए थे। उन्होंने विजिलेंस को बताया कि उन्होंने तीन बार चुनाव लड़ा है। तीनों बार के एफिडेविट उन्हें सौंप दिए गए। उन्होंने कहा कि उनकी सारी संपत्ति अपनी है। उन्हें प्रत्येक चीज के बारे में पता है। जब उनसे मीडिया ने विजिलेंस द्वारा कुछ अधिकारियों के नाम लेकर पूछा कि क्या उनके संबंध बाबत पूछताछ की गई तो उनका सीधा जवाब था कि ऐसा कुछ नहीं है। जांच एजेंसी ने उन्हें बुलाया था, ऐसे में वह पेश हुए थे। भविष्य में भी अगर जांच एजेंसी उन्हें बुलाती है तो वह पेश होंगे। साथ ही उनकी जांच में सहयोग करेंगे।
याद रहे कि अरोड़ा के मंत्री पद पर होते हुए मोहाली में बंद जेसीटी कंपनी की जगह बेची गई थी। इसे लेकर बड़ा विवाद हुआ था। विपक्षी दलों ने उस समय आरोप लगाया था कि नियमों को ताक में रखकर प्रॉपर्टी बेची गई है। 27 एकड़ इंडस्ट्री की जमीन को नियमों को ताक में रखकर टुकड़ों में बेचने को मंजूरी दी। इससे निजी बिल्डर को 500 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। हालांकि उस समय के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कंपनी की बिक्री के लिए अधिकारियों की कमेटी बनाई थी। इसके बाद इस दिशा में कार्रवाई हुई थी।