जीरकपुर। डेंगू को रोकने के लिए हर व्यक्ति को जागरूक होने की जरूरत है। यह बात जीरकपुर नगर काउंसिल के कार्यकारी अधिकारी रवनीत सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कही। इस मौके पर उन्होंने नगर काउंसिल के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि डेंगू को रोकने के लिए चलाई जा रही मुहिम को जारी रखते हुए इसमें ओर तेजी लाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए के किसी निजी व्यक्ति, संस्था या सरकारी परिसर के अंदर डेंगू का लारवा पाए जाने पर उसको तुरंत नष्ट करवाया जाए। इसकी कोई भी उन्हें संपर्क करके जानकारी दे सकता है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक सितंबर और अक्तूबर में डेंगू के बढ़ने की संभावना ज्यादा होती है। इसलिए आसपास पड़े टायरों, फ्रिज, कूलर, पक्षियों के लिए रखे गए पानी के बर्तनों की चेकिंग जरूर की जाए। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह घरों या आसपास अधिक समय तक पानी जमा न होने दें और पानी वाले बर्तनों की रोजाना सफाई करें।
उन्होंने नगर काउंसिल कर्मचारियों को आदेश दिए कि डेंगू की रोकथाम के लिए प्रभावित स्थानों पर फॉगिंग करवाई जाए। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर किसी क्षेत्र में फॉगिंग नहीं हो रही है तो वह इसकी जानकारी वार्ड के संबंधित पार्षद या फिर डायरेक्ट उन्हें दें ताकि उस क्षेत्र में फॉगिंग करवाई जा सके। सेहत विभाग द्वारा घरों में चेकिंग करके डेंगू का लारवा नष्ट किया जा रहा है, इसमें उनका सहयोग करें।