मोहाली। गांव मटौर में नई टैंपरेरी नंबर की ऑल्टो कार की पहली किस्त भी नहीं गई थी कि चारों पहिये चोरी हो गए। चोर कार को ईंटों के सहारे खड़ी करके फरार हो गए। कार मालिक ने इसकी शिकायत मटौर थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। कार मालिक जॉन ने बताया कि वह मूलरूप से जिला गुरदासपुर का रहने वाला है और मटौर में किराये पर रह रहा है। 15 दिन पहले उसने नई ऑल्टो कार खरीदी थी और ओला-ऊबर कंपनी में रजिस्टर्ड करवाई थी। इसी के सहारे रोजी रोटी चलानी शुरू की थी। जॉन ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे कार गांव मटौर में घर के पास खाली प्लॉट में खड़ी की थी। सुबह साढ़े 6 बजे जब कार के पास गया तो देखा उसके चारों पहिये चोरी हो गए थे और कार ईंटों पर खड़ी थी। जॉन ने बताया कि अभी उसकी कार का नंबर तक नहीं आया था। उसने वीरवार को सुबह गुरुद्वारे में माथा टेकने जाना था, लेकिन पहिये चोरी हो गए। अभी कार की पहली किस्त भी नहीं गई और नुकसान हो गया। पुलिस ने आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। पुलिस जांच कर रही है कि चोरों का कोई क्लू सामने आ सके।