नयागांव। हाईकोर्ट की ओर से गांव कांसल के इलाके में नव निर्माण पर पूर्ण रूप से रोक लगा रखी है। साथ ही हाईकोर्ट ने निर्माणों को गिराने तक के आदेश जारी रख रखे हैं। लेकिन इसके बावजूद लोग बाज नहीं आ रहे हैं और सस्ते दामों के चक्कर में प्लॉट खरीदकर धड़ल्ले से निर्माण कर कर रहे हैं।
बुधवार को करीब 12 बजे नयागांव परिषद के ईओ को शिकायत मिली कि कांसल में रोक के बावजूद नवनिर्माण किए जा रहे हैं। इसके चलते ईओ ने परिषद के कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर करीब नौ जगह चल रहे निर्माण कार्य को रुकवाया और उन्हें चेतावनी दी कि अगर उन्होंने फिर से काम शुरू किया तो उन पर बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं, उनके निर्माण को गिराया भी जा सकता है। अधिकारियों का कहना है कि इलाके में मुनादी कराकर लोगों को अदालत द्वारा इस इलाके में नवनिर्माण की रोक की जानकारी दी जाएगी।
लोग बोले- प्लॉट बेचने वालों पर हो कार्रवाईजानकारी के मुताबिक लोगों को ठगी से बचाने के लिए नगर परिषद के ईओ ने बीते सप्ताह अखबारों के जरिए संदेश दिया था कि हाईकोर्ट का फैसला आने तक कांसल में निर्माण न किया जाया और लोग वहां प्लॉट न खरीदें। इसके बावजूद लोग बेखौफ निर्माण कर कर रहे हैं। यहां पर घर बनाने वालों का कहना है कि जो प्रॉपर्टी डीलर इन इलाकों में झूठ बोलकर बाहर से आए लोगों को प्लॉट बेच रहे हैं लेकिन उन पर कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती। अगर उन पर कार्रवाई होती तो न कोई प्लॉट बेचता और न कोई खरीदता।
निर्माण के नाम पर वसूली रोकने को ईओ खुद जा रहे फील्ड में कुछ दिनों पहले अवैध निर्माण को रोकने के नाम पर वसूली करने का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें नगर परिषद के आउटसोर्स कर्मचारी का नाम सामने आया था और ईओ ने दो लोगों के खिलाफ नाम सहित पुलिस को लिखित में शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। वहीं, अब इलाके के सोशल मीडिया ग्रुपों में एक ऑडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें दो व्यक्ति पैसे देकर अपना मकान बनाने की बात करते सुनाई दे रहे हैं। ऐसी घटना होने के बाद जवाबदेही ईओ की बन जाती है। इस डर की वजह से ईओ को खुद फील्ड में उतरना पड़ रहा है।