मोहाली। विजिलेंस ब्यूरो ने ईओ विंग मोहाली में तैनात मुंशी अमृतपाल सिंह के खिलाफ 50 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में केस दर्ज किया है। साथ ही उसके साथी गुरप्रीत सिंह को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस को शिकायतकर्ता अशोक कुमार ने बताया कि उसको ईओ विंग मोहाली में एक मामले में बुलाया गया तो वहां उसको अमृतपाल मिला था। उसने कहा कि वह ईओ विंग में मुंशी है और वह ही इस मामले का निपटारा करवा सकता है। इसके लिए उसने ज्यादा रकम की मांग की तो उन्होंने इसके लिए मना कर दिया। इसके बाद अमृतपाल ने यह मामला निपटाने का सौदा 50 हजार रुपये में तय किया। इसके बाद उसने विजिलेंस को शिकायत दे दी।
बुधवार को विजिलेंस ने ट्रैप लगाया तो अमृतपाल उनके हाथ नहीं लगा। लेकिन जांच के बाद उसके साथी गुरप्रीत सिंह को रिश्वत के पैसों समेत गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस ने अमृतपाल और गुरप्रीत दोनों के खिलाफ रिश्वत के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। गुरप्रीत को वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा।