मोहाली। ताले तोड़कर महिला डॉक्टर के घर में घुसकर पिस्तौल के दम पर दुष्कर्म करने की कोशिश का मामला सामने आया है। बलौंगी थाने की पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर लखन भनौट निवासी अमृतसर के खिलाफ घर में घुसकर दुष्कर्म की कोशिश करने, जान से मारने की धमकियां देने व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी अभी तक फरार है। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं।
सेक्टर-117 निवासी पीड़िता ने बताया कि वह स्किन स्पेशलिस्ट है। साथ ही बलौंगी थाने के अधीन आने वाले एक पॉश एरिया में उसका क्लीनिक है। वह तलाकशुदा है। आरोपी अपने मित्र के कहने पर उसके पास इलाज करवाने आया था। इसके बाद दोनों की एक-दूसरे से अच्छी जान-पहचान हो गई। फिर आरोपी उसे शादी के लिए मजबूर करने लग पड़ा। उसने आरोपी को शादी से साफ मना कर दिया। इसके बाद वह उसे परेशान करने लग पड़ा।
18 जुलाई को वह सेंट्रा मॉल से फिल्म देखकर रात एक बजे घर वापस आई तो उसने देखा कि घर के दरवाजे का ताला टूटा हुुआ था। जब वह अंदर गई तो वहां पर नशे में आरोपी बैठा था। इस दौरान आरोपी ने उसके कपड़े फाड़कर दुष्कर्म करने की कोशिश की। जब वह आरोपी से बचने के लिए जोर से चिल्लाई तो सोसायटी का चौकीदार वहां पर पहुंच गया। इसके बाद आरोपी ने पिस्तौल निकालकर चौकीदार को धमकाया। उसने चौकीदार को कहा कि उसे पकड़ने की कोशिश की तो गोली मार देगा। इसके बाद उसने उसके सिर पर पिस्तौल लगा दी। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। साथ ही उसने इस संबंधी पारिवारिक सदस्यों को बताया जिसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी जल्दी ही काबू कर लिया जाएगा। हमारी टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं।