मोहाली। मनौली में गांव मोटरसाइकिल पर जा रहे व्यक्ति के आगे पड़ोसी का कुत्ता आ गया। इसमें कुत्ते का बचाव तो हो गया लेकिन पड़ोसी ने मोटरसाइकिल सवार को दो अन्य लोगों को बुलाकर मारपीट की। आरोपियों ने बेस बॉल बैट, रॉड और कड़ा मारकर उसका सिर फोड़ दिया। घायल के सिर पर छह टांके लगे हैं। इसके बाद उसे परिवार के अन्य लोगों ने फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है।घायल गुरजिंदर सिंह वासी गांव मनौली ने बताया कि शुक्रवार की शाम करीब छह बजे वह काम से घर लौट रहा था। घर के पास पहुंचा तो उसकी मोटरसाइकिल के सामने अचानक पड़ोसी का कुत्ता आ गया, जिससे उसे टक्कर लग गई। टक्कर में कुत्ते का बचाव हो गया। इसके बाद पड़ोसी ने उसे वहीं रोक लिया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। बदले में मोटरसाइकिल सवार वहां से चुपचाप जाने लगा। इसके कुछ देर बाद पड़ोसी समेत तीन लोगों ने उस पर पीछे से वार कर दिया।
तीनों के पास बेस बॉल बैट, कड़ा और रॉड मौजूद थे, जिससे उन्होंने उसके सिर पर दो जगह वार कर घायल कर दिया, इससे काफी खून बहने लगा और वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने घायल के घर पर सूचना दी, जिस पर उसके परिवार ने उसे फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। जांच में पता लगा है कि उसके सिर पर छह टांके और पीठ पर अंदरूनी चोट आई हैं। इस संबंध में घायल के कहने पर डॉक्टर ने संबंधित थाना पुलिस को सूचित कर दिया है।