मोहाली। नगर निगम ने हाई कोर्ट के आदेशों के पालन करते हुए अवैध कब्जों को हटाने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है। कमिश्नर परमिंदर पाल सिंह ने बताया कि यह अभियान गमाडा और मोहाली पुलिस की मदद से असरदार और योजनाबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है।
बुधवार दोपहर फेज-4 में अभियान के तहत सार्वजनिक जगहों, सड़कों और पैदल रास्तों में बाधक बने बिना इजाजत वाले एक्सटेंशन, रैंप, टेम्पररी स्ट्रक्चर और अन्य कब्ज़े हटाए गए। कमिश्नर ने लोगों से अपील की है कि वे स्वयं स्वेच्छा से कब्जे हटा दें, अन्यथा हाई कोर्ट के आदेश के अनुसार संबंधित अधिकारी तुरंत कार्रवाई करेंगे।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी ड्राइव जारी रहेगी, ताकि सरकारी जमीन पर अनाधिकृत कब्ज़े पूरी तरह समाप्त किए जा सकें। इस अभियान का मकसद ट्रैफिक को सुगम बनाना, पैदल चलने वालों के रास्ते सुनिश्चित करना और शहरी योजना के नियमों के अनुसार व्यवस्थित शहर बनाना है।