मोहाली। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं पर कोरोना की मार पड़ी है। मोहाली में 22 अप्रैल से शुरू होने वाले 7वें रोजगार मेले को स्थगित कर दिया गया है। फिलहाल इसे डेढ़ माह के लिए टाला गया है।
अब कोरोना की दूसरी लहर चल रही है। संक्रमण पिछले सभी रिकार्ड तोड़ रहा है। सरकार ने एक बार फिर कड़ी पाबंदियां लगानी शुरू कर दी हैं। ताकि किसी जगह पर भीड़ जमा होने से रोकी जा सके। सरकार की इन पाबंदियों का असर बेरोजगारों पर भी पड़ा है। 22 से 30 अप्रैल तक जिले में पांच जगहों पर रोजगार मेले का आयोजन होना था, जिसके लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया था। मोहाली के जिला रोजगार व स्किल डेवलपमेंट एवं ट्रेनिंग अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण के मामलों में हो रहे इजाफे के मद्देनजर राज्य सरकार के आदेश पर रोजगार मेले को फिलहाल 45 दिन के लिए टाल दिया गया है। सरकार के अगले आदेशों के बाद मेले की समयसारिणी घोषित की जाएगी।