मोहाली। फेज-1 स्थित बिजली विभाग कार्यालय में शुक्रवार को सांझी तालमेल कमेटी सर्कल मोहाली ने धरना दिया। तरनतारन जिले के गांव शेरों में बंद पड़ी शुगर मिल की करीब 100 एकड़ जमीन बेचने के फैसले और जियोंद गांव में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे मुलाजिम नेताओं व किसानों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में धरना दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर बर्बरता का आरोप लगाकर मुलाजिम नेता गुरप्रीत सिंह सहित अन्य नेताओं की तत्काल रिहाई की मांग की।
धरने के दौरान वक्ताओं ने सरकार की इस कार्रवाई को जनविरोधी बताकर कड़ी निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में जियोंद गांव में पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और प्रदर्शनकारियों के साथ अमानवीय व्यवहार किया। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और इरादा-ए-कत्ल का मामला दर्ज करने की मांग की। वक्ताओं ने सरकार और पुलिस विभाग को चेतावनी दी कि यदि गिरफ्तार नेताओं को जल्द रिहा नहीं किया गया तो किसान-मजदूर-मुलाजिम संगठनों के संयुक्त मंच के साथ और भी तीखा संघर्ष किया जाएगा। धरने को विभिन्न कर्मचारी, किसान और पेंशनर संगठनों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर आंदोलन तेज करने का आह्वान किया। धरने में टीएसयू भंगाल ने सर्कल प्रधान गुरबख्श सिंह, कन्वीनर लखा सिंह, गुरमीत सिंह और जसपाल सिंह शामिल रहे।