डेराबस्सी। पंजाब मुलाजिम और पेंशनर्स साझा फ्रंट द्वारा 28 जुलाई को हुई ऑनलाइन मीटिंग में लिए गए फैसलों को लागू करवाने की मांग और सरकार द्वारा बार-बार मीटिंग तय कर रद्द करने के विरोध में मंगलवार को डेराबस्सी में जोरदार रोष रैली निकाली गई। यह रैली सूबा कनवीनर सुखदेव सिंह सैनी, बाज सिंह खैहरा और कर्म सिंह धन्नोआ की अगुवाई में तहसील परिसर के बाहर बस स्टैंड के सामने आयोजित की गई। रैली के बाद मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री पंजाब के पुतले फूंके गए।
फ्रंट ने सरकार से अपील की कि वह तत्काल मुलाकात कर कर्मचारियों और पेंशनरों की मांगों का हल निकाले। अगर ऐसा नहीं हुआ तो 29 अगस्त 2025 को लुधियाना में बड़ी बैठक करके आगे की रणनीति तय की जाएगी और अन्य संगठनों से मिलकर राज्यव्यापी संघर्ष की शुरुआत की जाएगी।
रैली में एनडी तिवाड़ी, गुरविंदर सिंह, स्वर्ण सिंह मावी, कर्म चंद, करतारपाल सिंह, प्रवीण कुमार, मंगत राम, बलवीर सिंह, शीला देवी, हरविंदर सिंह, राजेश कुमार, मनजीत सिंह, कुलदीप सिंह, लखविंदर सिंह, तरसेम लाल, निरवैल सिंह, बलबीर सिंह और महिंदर सिंह सैनी व अन्य मौजूद रहे।