मोहाली। इमिग्रेशन कंपनी में काम करने वाले एक कर्मचारी ने कुछ ग्राहकों को फोन करके अपने खाते में रुपये जमा करवाए और फिर कंपनी छोड़कर फरार हो गया। फरार होने से पहले उसने कंपनी के 2 लाख 30 हजार रुपये और मोबाइल फोन भी चोरी कर लिया। मटौर थाना पुलिस ने शिकायतकर्ता सेक्टर-88 निवासी गगनप्रीत सिंह के बयान पर आरोपी जालंधर के गांव पट्टी पोजा बिगला के रहने वाले जैवीन चौधरी पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपी अभी फरार है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसने सेक्टर-70 में इमिग्रेशन कंपनी का दफ्तर खोला हुआ है। 15 दिन पहले उसने जैवीन चौधरी को नौकरी पर रखा था। जब वह दिवाली की छुट्टी पर गया तो दफ्तर के कामकाज वाला मोबाइल फोन और 2 लाख 30 हजार रुपये नकदी चोरी करके ले गया था। इस बात का खुलासा उस समय हुआ जब उन्होंने कंपनी का रिकार्ड चेक किया। इसी दौरान जांच की गई तो उन्हें यह भी पता चला कि आरोपी जैवीन चौधरी ने दफ्तर के मोबाइल फोन से उनके ग्राहकों निर्मल सिंह व अन्य को फोन करके अपने निजी खाते में काफी पैसे ट्रांसफर करवा लिए हैं। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।