खरड़। गांव छज्जू माजरा में एक 17 वर्षीय युवती ने घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। वह ग्यारहवीं की छात्रा थी। परिजनों के बयानों पर कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस थाना सिटी खरड़ के एएसआई हरमिंदर सिंह ने बताया कि मृतका के माता-पिता सरकारी नौकरी करते हैं। छह नवंबर को जब उसके माता पिता अपनी ड्यूटी पर गए हुए थे तो स्कूल से वापस आने के बाद वह अपने छोटे भाई बहन को खाना देकर घर के एक कमरे में चली गई। इसके बाद अंदर से कुंडी लगाकर पंखे की हुक से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। माता-पिता जब घर आए तो उन्हें इस घटना का पता लगा। मृतका को तुरंत फेज-6 स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका द्वारा लिखा एक सुसाइड नोट भी पुलिस को बरामद हुआ है जिसमें उसने अपने माता पिता और छोटे भाई-बहन से बहुत प्यार करने के बारे और अपने आप को एक अच्छी बेटी बनने के बारे में लिखा है। मृतका ने अपनी मौत के लिए किसी को भी जिम्मेदार नहीं ठहराया है।