नयागांव। नयागांव में शनिवार सुबह दुकान से कुरकुरे लेने गई आठ वर्षीय बच्ची की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मानसी के रूप में हुई है। हादसा दुकान के पास बिजली के खंभे से लटक रही खुली तार की चपेट में आने से हुआ। गंभीर हालत में बच्ची को सेक्टर-16 स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मानसी सुबह करीब 11 बजे घर का सामान लेने पास की दुकान पर गई थी। इसी दौरान खंभे से खुली तार उसके संपर्क में आ गई। आसपास मौजूद लोगों ने हादसे के बाद बच्ची को संभाला और परिजनों को सूचना दी।
घटना के समय बच्ची के पिता रविंदर कुमार मजदूरी करने गए हुए थे। उन्हें हादसे की जानकारी ठेकेदार के फोन से मिली, जिसके बाद वह अस्पताल पहुंचे। रविंदर कुमार मूल रूप से हरदोई जिले के राजौली के रहने वाले हैं और राजमिस्त्री/मजदूर के तौर पर काम करते हैं। नयागांव थाना प्रभारी शिवदीप बराड़ ने बताया कि बच्ची की करंट लगने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।