मोहाली। बलौंगी थाने के अधीन पड़ते एयरपोर्ट रोड पर गाड़ी का टॉयर फटने से वरना कार बीच सड़क पर पलटियां खाती हुई डिवाइडर पार करके सड़क के दूसरी ओर चली गई और वहां से गुजर रही एक अन्य कार के बोनट के ऊपर जा टकराई। इस सड़क हादसे में वरना के साथ-साथ तीन अन्य गाड़ियां भी आपस में टकराने से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। एक के बाद एक गाड़ी एक दूसरे की गाड़ी से टकरा गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। वरना कार बुडलाडा का रहने वाले मंजोत चला रहे थे और उन्हें मामूली चोटें लगी हैं। प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से उन्हें छुट्टी दे गई है। हादसे के बाद एयरपोर्ट रोड पर जाम लग गया जिसके बाद बलौंगी थाने से एएसआई अंग्रेज सिंह मौके पर पहुंचे जिन्होंने क्षतिग्रस्त वाहनों को एक तरफ करवाया और जाम को खुलवाया।
एएसआई अंग्रेज सिंह ने बताया कि मंजोत एयरपोर्ट से खरड़ की ओर से जा रहा था। उसकी गाड़ी के ड्राइवर साइड का टॉयर फट गया, जिस कारण कार अनियंत्रित हो गई। कार पलटियां खाते हुए डिवाइडर क्रॉस कर सडक़ के दूसरी साइड चली गई। वहीं, दूसरी तरफ से आ रही के-10 कार के बोनट पर वरना गाड़ी चढ़ गई और पलट गई। वहीं, के-10 कार के पीछे जीप आ रही थी जिसकी रफ्तार काफी तेज थी। अचानक ब्रेक लगने से जीप चालक से स्पीड कंट्रोल नहीं हुई और वह के-10 से जा टकराई। वहीं जीप के पीछे आई-10 कार आ रही थी। उससे भी कार की गति नियंत्रित नहीं हुई और वह जीप के पीछे जा टकराई। हादसे में किसी ने भी पुलिस को शिकायत नहीं दी। बताया जा रहा है कि सभी ने आपस में समझौता कर लिया है।