मोहाली। ट्रैक्टरों से भरे एक ट्राले में नशीली गोलियों की तस्करी की जा रही थी। नाके पर जब इस ट्राले को रोका गया तो तलाशी लेने पर ट्राले से एक हजार नशीली गोलियां बरामद की गई। पुलिस ने ट्राले चालक को तो मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। मगर चालक का दूसरा साथी फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मनदीप सिंह निवासी बडाली जिला मोहाली के रूप में हुई है। जबकि उसका साथी जसवंत सिंह चुन्नी कलां गांव का रहने वाला है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया। सोहाना थाने के एसएचओ दलजीत सिंह ने आरोपी को काबू करने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उसके दूसरे साथी को भी जल्दी ही काबू कर लिया जाएगा। पुलिस की तरफ से आरोपी को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक सोहाना थाने की पुलिस की तरफ गांव रायपुर कलां नजदीक जगत रसोई के पास नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान एक ट्रैक्टरों से भरा ट्राला आया। पुलिस ने उसे रोक कर उसकी तलाशी लेनी शुरू की तो चालक का साथी तो तुरंत फरार हो गया। मगर चालक को पुलिस ने दबोच लिया गया। उसके बाद ड्राइवर सीट के पास गेयर बॉक्स वाली जगह की तलाशी ली गई, तो पुलिस को वहां से एक हजार नशीली गोलियां बरामद हुई। इस संबंध में जब ट्रक चालक से जवाब तलब किया गया तो, वह कोई भी उचित जवाब नहीं दे पाया। न ही इस संबंध में वह कोई दस्तावेज या लाइसेंस पेेश कर पाया। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ जुटी हुइ है कि वह नशीली गोलियां कहां से लेकर आते थे और आगे किसे देते थे। पुलिस का कहना है कि यह नेटवर्क काफी बढ़ा हो सकता है। पुलिस की टीमें विस्तार से इस मामले की जांच में जुटी हुई है।