खरड़। गांव मछलीकलां में नशेड़ी युवक ने पारिवारिक लड़ाई में गंडासी से हमला करके अपनी 65 वर्षीय बुजुर्ग चाची की हत्या कर दी। बुजुर्ग महिला सरोज को छुड़ाने जब उसकी बहू जसप्रीत कौर और बेटी रजनी व बुजुर्ग दादी आए तो उन पर भी आरोपी ने गंडासी से हमला करके घायल कर दिया। दूसरी ओर, इस हमले से बुजुर्ग महिला सरोज की मौके पर ही मौत हो गई जबकि जसप्रीत का एक हाथ और रजनी के हाथ की उंगलियां कट गई है। इसके अलावा बुजुर्ग दादी के मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने लखविंदर सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं तहत मामला दर्ज करके घायलों को अस्पताल दाखिल करवाया।
जानकारी के मुताबिक गांव मछलीकलां का लखविंदर सिंह नशे का आदी है। इस कारण मानसिक स्थिति बिगड़ चुकी है। वह अक्सर सड़क पर आते-जाते लोगों से गाली गलौज और मारपीट करता रहता है। सोमवार को लखविंदर अपनी चाची सरोज के घर में घुस गया और गालियां निकालने लगा। इसका सरोज ने विरोध किया तो लखविंदर ने गंडासी से सिर व गर्दन पर कई वार कर दिए। इसमें सरोज की मौके पर ही मौत हो गई और अपनी मां को लहूलुहान होता देख बेटा मौके पर बेहोश होकर गिर गया। दूसरी ओर सरोज की बहू जसप्रीत व बेटी रजनी लखविंदर से बचाने के लिए आगे आई तो आरोपी ने उन पर भी गंडासे से कई वार करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिलाओं की चीख-पुकार की आवाज सुनकर गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे लेकिन लखविंदर उन्हें भी मारने के लिए दौड़ा। वहीं लोगों ने उसे पकड़कर पिटाई कर दी, जिसमें लखविंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसने गंभीर रूप से घायलों को तुरन्त अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी।
क्या कहते हैं अधिकारी
आरोपी लखविंदर को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां उसकी हालत नाजुक देख उसे पीजीआई रेफर किया गया है। -सिमरन सिंह, थाना प्रभारी