मुल्लांपुर/नयागांव। गांव मुल्लांपुर के लोगों ने बुधवार को जलदाय विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। लोगों का आरोप है कि सर्दियों के दिनों में भी उन्हें पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है। अधिकारी उनकी बात नहीं सुन रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक रविवार को गांव मुल्लांपुर में लोगों ने खाली बर्तन लेकर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने समस्या हल न होने पर विभाग के खिलाफ बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। लोगों का कहना है कि उनके गांव में पीने के पानी की काफी समस्या है। पानी सप्लाई के लिए बिछाई गई लाइन पर कुछ कंट्रोल वॉल लगे हुए हैं, जो कि खराब है। इस कारण वहां से पानी की बर्बादी होती रहती है। इसके बारे में विभाग के अधिकारियों को कई बार पत्र के द्वारा सूचित किया जा चुका है। लेकिन विभाग ने इस पर कोई कार्यवाही नहीं की है। इसी प्रकार अगर मरम्मत करने के लिए गड्ढा खोद दिया जाए, तो उनको भी दोबारा से ठीक नहीं किया जाता है। जिस कारण कई बार इलाके में हादसे हो चुके हैं। पीने की पानी की किल्लत इतनी है कि लोगों को टैंकर मंगाकर गुजारा करना पड़ रहा है।
गांव की जनसंख्या 5 हजार से बढ़कर करीब 35000 हो गई है। लेकिन जलदाय विभाग द्वारा अभी तक अपने संसाधनों में कोई बढ़ोतरी नहीं की है। जिस कारण ग्रामीणों को हर रोज समस्या झेलनी पड़ रही है। समाजसेवी अरविंद पुरी ने कहा कि ट्यूबवेल ऑपरेटर एवं विभाग के जेई लोगों की समस्याओं को नहीं सुनते हैं। सर्दियों में पीने के पानी की किल्लत इतनी है लेकिन गर्मियों में यह समस्या और ज्यादा बढ़ जाती है। अगर विभाग ने जल्द इस पर कोई कार्रवाई नहीं की तो विभाग के खिलाफ एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर नरेश कुमार, रंजीत, महेश, अमन और मोहनलाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
क्या कहते हैं अधिकारी
रविवार को इस मामले संबंधी शिकायत मिली थी। बिजली का कट लगने के कारण पानी की सप्लाई बाधित हुई थी। लेकिन ग्रामीणों की समस्या सुनने के लिए मैं सोमवार को खुद मौके पर जाऊंगा। अगर किसी भी प्रकार की कोई समस्या है, तो उसका समाधान किया जाएगा।
-अमृतपाल सिंह, सब डिवीजनल अधिकारी, जलदाय विभाग