मोहाली। पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड के नवनियुक्त चेयरमैन डॉ. योगराज ने शुक्रवार शाम पदभार संभाल लिया। नए चेयरमैन को पदभार ग्रहण करवाने के लिए शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला पहुंचे थे। शिक्षा मंत्री और डॉ. योगराज शाम 5 बजे के बाद बोर्ड मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान कोरोना गाइडलाइन का पूरी तरह पालन किया गया।
लंबे इंतजार के बाद पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड को नया चेयरमैन मिल गया। पंजाब सरकार ने बोर्ड की जिम्मेदारी पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला में रजिस्ट्रार का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे पंजाबी विकास विभाग के प्रोफेसर डॉ. योगराज को सौंपी है।
बता दें कि डॉ. योगराज महाभारत ग्रंथ का पंजाबी में अनुवाद भी कर चुके हैं। इस मौके पर शिक्षा मंत्री के अलावा राज्य के शिक्षा सचिव कृष्ण कुमार, बोर्ड के सचिव डीजीएसई मोहम्मद तैयब सहित बोर्ड के कुछ अधिकारी मौजूद थे।
अमर उजाला से बात करते हुए डॉ. योगराज ने कहा कि सरकारी स्कूलों का नेटवर्क ग्रामीण अंचल में काफी मजबूत है। युवा भविष्य के कंपीटिशन के लिए तैयार हों इसके लिए हर संभव प्रयास करेंगे। कोविड-19 के चलते बदले माहौल में शिक्षा का स्तर व गुणवत्ता बनी रहे इस पर ध्यान केंद्रित करेंगे।