फेज-6 सिविल अस्पताल में कार्यरत हैं कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजिस्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। फेज-6 सिविल अस्पताल में कार्यरत कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजिस्ट अंकुर चौधरी का अमेरिका में एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। उन्हें अमेरिकन नेफ्रोलॉजिस्ट्स ऑफ इंडियन ओरिजिन एसोसिएशन द्वारा डलास स्थित डलास रीनल ग्रुप में चार सप्ताह के अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला है। इस वर्ष दक्षिण-पूर्व एशिया से चुने गए चार उम्मीदवारों में चौधरी भी शामिल हैं। प्रशिक्षण के दौरान चौधरी को अमेरिका की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली समझने का मौका मिलेगा। वह नेफ्रोलॉजी विभाग की कार्यप्रणाली, डायलिसिस और किडनी रोगों के आधुनिक उपचार जानेंगे। उन्हें इंटरवेंशनल नेफ्रोलॉजी की प्रक्रियाओं को भी समझने का अवसर मिलेगा। चौधरी ने एमबीबीएस, एमडी (मेडिसिन) और डीएम (नेफ्रोलॉजी) की डिग्रियां प्राप्त की हैं। उन्होंने पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ से नेफ्रोलॉजी में सुपर-स्पेशियलिटी प्रशिक्षण हासिल किया है। वर्तमान में वह पंजाब सरकार की पंजाब सिविल मेडिकल सर्विसेज (पीसीएमएस) के तहत सेवाएं दे रहे हैं। वह मोहाली के फेज-6 सिविल अस्पताल में कार्यरत हैं।
पंजाब में किडनी रोगियों को मिलेगा लाभ
चौधरी ने इस चयन को अपने पेशेवर जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभव और ज्ञान का उपयोग करेंगे। इससे पंजाब के सरकारी स्वास्थ्य क्षेत्र में किडनी रोगियों की बेहतर देखभाल हो सकेगी। साथ ही, नेफ्रोलॉजी सेवाओं को मजबूत बनाने में भी मदद मिलेगी।