मोहाली। पहला तरनदीप बॉक्स क्रिकेट अंडर-14 टेनिस बॉल टूर्नामेंट के फाइनल में दून इंटरनेशनल स्कूल सेक्टर-69 मोहाली ने ब्लेजिंग वुल्फपैक को 4 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। टॉस जीतकर ब्लेजिंग वुल्फपैक ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। दून इंटरनेशनल स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट के नुकसान पर 44 रन बनाए। टीम की ओर से नवी ने 12, हर्षित ने 10 और अनिक ने 18 रन का योगदान दिया। ब्लेजिंग वुल्फपैक की ओर से अखिल ने 9 रन देकर 1 विकेट लिया। जवाब में ब्लेजिंग वुल्फपैक की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 3 विकेट पर 40 रन ही बना सकी और करीबी मुकाबले में 4 रन से हार गई। टीम के लिए हृदय ने 20, अगमवीर ने 6 और अपार ने 4 रन बनाए। दून की ओर से अनिक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 रन देकर 2 विकेट झटके। दून इंटरनेशनल स्कूल के अनिक को शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, वहीं वह टूर्नामेंट के बेस्ट गेंदबाज भी रहे। ब्लेजिंग वुल्फपैक के हृदय को बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार दिया गया।