मोहाली। सेक्टर-77 स्थित महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट के दो कैडेटों ने एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट (एएफसीएटी)-2 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर दूसरी और छठी रैंक हासिल की है। संस्थान के 10वें कोर्स के कैडेट सुखराज सिंह हीरा ने देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि पठानकोट के जसनूर सिंह ने छठी रैंक हासिल कर पंजाब का गौरव बढ़ाया।
दोनों कैडेट संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षा भी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर चुके हैं और इस माह शुरू होने वाले सीडीएस कोर्स के लिए चयनित हैं। सीडीएस मेरिट सूची में जसनूर सिंह ने वायु सेना श्रेणी में पहला तथा सुखराज सिंह ने सेना श्रेणी में चौथा स्थान प्राप्त किया है।
रोजगार सृजन मंत्री अमन अरोड़ा ने दोनों कैडेटों को बधाई देते हुए इसे पंजाब के युवाओं की प्रतिभा और मेहनत का परिणाम बताया। संस्थान के निदेशक अजय एच. चौहान ने बताया कि 24 अन्य कैडेटों की विभिन्न सैन्य अकादमियों में चयन प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।