मोहाली। बारिश से फेज-6 स्थित जिला सिविल अस्पताल की छत भी टपकने लगी है। इससे वहां आने वाले मरीजों और स्टाफ को परेशानी का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं इससे अस्पताल की मशीनरी को भी नुकसान होने का खतरा बना हुआ है। सेहत विभाग के अधिकारियों की माने तो वे इस संबंध में कई बार विभाग को लिख चुके हैं लेकिन इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
बुधवार रात से हो रही बारिश से ओपीडी (आउटडोर पेशेंट) प्रभावित हो रही है। ईएनटी रूम और कमरा नंबर 25 जहां मेडिसिन के मरीज आते हैं। इन दोनों कमरों में पानी टपक रहा है जबकि इन्हीं दोनों कमरों में अधिक मरीज अपनी बीमारी दिखाने के लिए पहुंचते हैं। इसके साथ ही अंदर पर्ची काटने की जहां व्यवस्था की गई है, वहां भी पानी टपकता रहता है। ऐसे में जहां-जहां फाइर ब्रिगेड की लाइन डाली गई है, उस जगह से भी बारिश का पानी अस्पताल के अंदर पहुंच रहा है। ऐसे में अस्पताल के अंदर पड़े बिजली के तार किसी के भी लिए परेशानी का कारण बन सकते हैं। बारिश के कारण अस्पताल के रेडियोलॉजी डिपार्टमेंट के कमरों तक सीलन पहुंच गई है। कुछ दिन पहले वहां पर लाखों रुपये की एक्स-रे मशीन लगाई गई है जिसे पहले इसलिए इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था, क्योंकि इन कमरों में सीलन पहुंचती है। ऐसे में अस्पताल प्रशासन के लिए बारिश का पानी परेशानी का कारण बना हुआ है।
कोट
डिपार्टमेंट ऑफ हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर पंजाब को लिखित तौर पर पत्र भेजा है। विभाग के इंजीनियरों ने अस्पताल बिल्डिंग का दौरा कर लिया है। जल्द ही इसकी मरम्मत करवाई जाएगी। वहीं जिन कमरों में बारिश के पानी से परेशानी आ रही है, उन्हें फिलहाल सुरक्षित जगह पर बदला गया है। -डॉ. एचएस चीमा, एसएमओ