मोहाली। दिवाली के त्योहार पर जहां शहर के बाजारों में रौनक लगी हुई है। वहीं, कोई अनहोनी न हो इसके लिए अस्पताल, फायर ब्रिगेड और पुलिस किसी भी हालात को संभालने के लिए पूरी तरह तैयार है। आपात स्थिति से निपटने के लिए फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल में 24 घंटे इमरजेंसी सेवा जारी रहेगी। वहीं, डॉक्टर्स भी पूरे दिन अपनी सेवाएं देंगे। एसएमओ डॉ. विजय भगत ने बताया कि अस्पताल में मेडिकल अफसर, आंखों के स्पेशलिस्ट और सर्जन को तैनात किया गया। वहीं, अस्पताल का ज्यादातर पैरामेडिकल स्टाफ शहर में ही रहता है जिन्हें किसी भी आपात की स्थित के लिए बुलाया जा सकता है। दिवाली का त्योहार रोशनी का त्योहार है जिसे लोगों को खुशी से मनाना चाहिए और पटाखों को जलाते वक्त सावधानी बरतनी चाहिए।
वहीं त्योहार के बीच में किसी भी आग की घटना पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड भी पूरी तरह से तैयार है। फायर ब्रिगेड की ओर से शहर में सीपी-67 और मोहाली वॉक पर पानी की आपूर्ति के लिए कंपनियों से सहयोग लिया गया है। साथ ही हर पटाखा मार्केट फेज-8 और फेज-11 के पास फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी लगाई गई वहीं, सेक्टर-77 की पटाका मार्केट के पास गाड़ी नहीं लगाई गई है क्योंकि वहां से फायर स्टेशन एक किलोमीटर की दूरी पर है। लोग आग लगने की स्थित में 2223101 और 2225902 नंबर पर मदद मांग सकते हैं।
कोट्स
फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की दिवाली के समय तीन दिन तक छुट्टियां रद्द की गई हैं। कर्मचारियों की साप्ताहिक छुट्टियां भी रद्द की गई हैं साथ ही शिफ्टों को भी मर्ज किया गया है। वहीं सभी प्रकार की जांच भी कर ली गई है। - सिकंदर, फायर अफसर, मोहाली
कोट्स
शहर में दिवाली को देखते हुए शरारती तत्व माहौल न बिगाड़े इसलिए जगह-जगह नाके लगाए गए हैं। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की जाएगी। रिजर्व फोर्स को भी तैनात कर दिया गया है। इसके साथ ही एसएचओ को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने इलाकों में रात भर गश्त करे, वहीं अगर कोई नियमों का उल्लंघन करता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। -रुपिंदर कौर सोही, डीएसपी (हेडक्वार्टर)