संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। तलाकशुदा महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने व गर्भपात करवाने के आरोप में सोहाना पुलिस ने अमृतसर कृष्णा नगर के रहने वाले नवजोत सिंह के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ पीडि़त महिला की अश्लील वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का भी आरोप है। आरोपी की तलाश जारी है।
मूलरूप से रोहतक निवासी 29 वर्षीय पीडि़ता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि वह घरेलू कार्य करती है और तलाकशुदा है। उसका पहले पति से वर्ष 2023 में तलाक हो गया था। उसके दो बच्चे हैं। वह नवजोत सिंह निवासी अमृतसर को करीब डेढ़ साल से जानती हैं। उसकी व नवजोत की दोस्ती हो गई। नवजोत ने कहा कि वह उसके साथ शादी करने के लिए तैयार है और बच्चे की जिम्मेदारी भी उठाएगा। वह उसकी बातों में आ गई और नवजोत ने शादी का वादा करके 20 अप्रैल 2025 को अपने घर पर सेक्टर- 88 पूर्व अपार्टमेंट मोहाली में उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद कई बार शादी का झांसा देकर उसके दुष्कर्म करता रहा। वह जब भी नवजोत को शादी के लिए कहती है तो टाल मटाैल करता था। 27 जुलाई 2025 को नवजोत ने उसके साथ उसके घर पर दुष्कर्म किया और इस दौरान वह गर्भवती हो गई। नवजोत ने उसे कहा कि वह थोड़ा सेटल हो जाए तो वह शादी के बाद बच्चा कर लेंगे। उसे झांसे में लेकर उसने पंचकूला के एक अस्पताल में उसका गर्भपात करवा दिया। बाद में नवजोत ने उसके साथ शादी नहीं की और उसे धमकाने लगा। पीडि़त ने आरोप लगाया कि नवजोत के पास उसकी कुछ फोटो हैं जो नवजोत उसे फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता है। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया।