मोहाली। जिले के स्कूलों में शिक्षा के स्तर को सुधारने की दिशा में काम शुरू हो गया। इसी कड़ी में अब शिक्षक दिल्ली के स्कूलों से पढ़ाने की बारीकियां सीखेंगे। वीरवार को जिले के 13 शिक्षकों ने दिल्ली के विभिन्न स्कूलों का दौरा किया। इनमें महिला व पुरुष शिक्षकों के अलावा अधिकारी व कोऑर्डिनेटर स्तर के अधिकारी शामिल थे।
शुक्रवार को वह हैप्पीनेस उत्सव में शिरकत करेंगे। राज्य में आम आदमी पार्टी के सत्ता में आने के बाद पंजाब के सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को उठाने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सरकार ने दिल्ली सरकार के साथ एक समझौता किया था जिसे नॉलेज शेयरिंग का नाम दिया गया था। इस प्रोजेक्ट के साथ ही यह सारी प्रक्रिया चल रही है।
अधिकारियों के अनुसार इस प्रोजेक्ट से शिक्षकों को काफी कुछ नया सीखने को मिलेगा। यह प्रक्रिया का पहला चरण है। यह पहला मौका नहीं है। इससे पहले पंजाब सरकार ने अपने सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को चंडीगढ़ के मॉडल व निजी स्कूलों का दौरा कर शिक्षा का स्तर सुधारा था।