जीरकपुर। ढकोली क्षेत्र में दूषित पानी से फैले डायरिया और टाइफाइड के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। बुधवार को विभाग की टीम ने घर-घर जाकर जांच की। उन्होंने लोगों को ओआरएस घोल के 50 पैकेट और 250 क्लोरीन की गोलियां वितरित कीं।
अधिकारियों ने लोगों से साफ-सफाई रखने और पानी उबालकर पीने की अपील की है। मोहाली की उपायुक्त कोमल मित्तल ने बताया कि अभी तक कोई गंभीर मामला सामने नहीं आया है और स्थिति नियंत्रण में है। पिछले कुछ दिनों से ढकोली की दशमेश एनक्लेव, कृष्णा और कृष्णा एनक्लेव में डायरिया के मरीज सरकारी अस्पताल पहुंच रहे थे।
एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने पर उसे चंडी मंदिर के आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां पानी की जांच में दूषित पानी की पुष्टि हुई। इसके बाद मोहाली स्वास्थ्य विभाग को शिकायत दी गई। इसके बाद तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। डॉक्टरों की टीम ने दोनों कॉलोनियों में घर-घर जाकर निरीक्षण किया।
उन्होंने लोगों को साफ-सफाई रखने और पानी उबालकर पीने की सलाह दी। टीम ने घरों से पानी के नमूने भी लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। लोगों को आश्वस्त किया गया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम तब तक क्षेत्र में रहेगी जब तक बीमारी खत्म नहीं हो जाती।