मोहाली। पटियाला के पातड़ा में डायरिया फैलने पर जेई, चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर समेत चार अधिकारियों के सस्पेंड होने के बाद भी मोहाली के अधिकारी अब तक सचेत नहीं हो सके हैं। हालात यह हैं कि मोहाली के गांव कुंभड़ा में फैले डायरिया के बावजूद अब तक गांव की खुली नालियों में गंदगी तैर रही है। न तो इन नालियों की सफाई हो रही है न ही यहां से गंदगी को हटाया जा रहा है। फिलहाल कुंभड़ा में आठ नए मामले आए हैं और यह मामले बढ़कर 97 हो चुके हैं। गांव कुंभड़ा में डायरिया का कहर बरकरार है। दो मौत के बाद प्रशासन हरकत में आया तो है और कई अधिकारी लगातार मौके की विजिट भी कर रहे हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित इलाका मोरनी का कुआं हैं। जहां गंदगी अभी भी फैली हुई है। यहां की नालियां खुली हैं, जिनसे मच्छर पनप रहे हैं। हालांकि यहां की नालियों को सुधारने का काम शुरू हो गया पर यह धीमी गति से चल रहा है। दूसरी तरफ कुंभड़ा में नालियों में पाइप डालने का काम शुरू कर दिया है। यह काम सिर्फ मोरनी कुएं के आगे डिस्पेंसरी के पास चल रहा है।
शनिवार को कुंभड़ा डिस्पेंसरी में दोपहर दो बजे तक आठ मामले डायरिया के आए। इन सभी को दवाई देकर घर पर आराम करने की हिदायत दे दी गई। कुंभड़ा में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने गली-गली जाकर लोगों को जागरूक करने में जुटा है। इसके साथ ही गांव के प्रभावित क्षेत्र मोरनी कुआं के पास प्रशासन ने एक पानी का टैंकर लगाया है। अन्य जगह पर विभाग द्वारा सिर्फ नहरी पानी की सप्लाई दी जा रही है।
इसके साथ महामारी विशेषज्ञ डॉ. हरमनदीप कौर लोगों से उबला हुआ पानी पीने और बुखार या अन्य संबंधित बीमारियों के गंभीर लक्षण होने पर ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचने की अपील कर रही हैं। साथ ही लोगों को स्वास्थ्य विभाग के हेल्पलाइन नंबर 104 पर संपर्क करने की भी जानकारी दी जा रही है।