मोहाली। महादेव की आराधना का सबसे पावन पर्व महाशिवरात्रि बुधवार को शहर में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। सवेरे से ही शहर के विभिन्न शिवालयों में शिवभक्तों का तांता लगना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध, दही, शहद और बेलपत्र अर्पित कर महादेव का रुद्राभिषेक किया और सुख-शांति की कामना की। शहर के मंदिरों में जहां बुजुर्ग श्रद्धालु रुद्राभिषेक में लीन नजर आए, वहीं युवा और बच्चे भी पूरे उत्साह से पूजा-अर्चना में शामिल हुए।
फेज-1 स्थित प्राचीन श्री शिव मंदिर में इस बार डाक कांवड़ विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कांवड़ यात्रा में आए श्रद्धालु हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लाकर शिवलिंग का जलाभिषेक करने पहुंचे। मंदिर परिसर में हर हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंजते रहे। मंदिर कमेटी की ओर से दिनभर भजन-कीर्तन और शाम को भव्य आरती का आयोजन किया गया। भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
मां दुर्गा मंदिर में महाशिव पुराण कथा का शुभारंभ
शहर के अन्य इलाकों में भी शिवरात्रि पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। फेज-11 स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। फेज-3बी2 के हनुमान मंदिर, फेज-3बी1 स्थित वैष्णो माता मंदिर और फेज-4 स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में भक्तों ने रुद्राभिषेक, शिव स्तुति और विशेष पूजा की। फेज-2 के राधा-कृष्ण मंदिर और मटौर के सत्य नारायण मंदिर में भी महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष पूजन, भंडारे की व्यवस्था की गई। इसके अलावा सेक्टर-68 स्थित मां दुर्गा मंदिर में महाशिव पुराण कथा का शुभारंभ हुआ जो 2 अगस्त तक चलेगी।