मोहाली। पंजाब सरकार की ओर से वीरवार को राजकीय अवकाश घोषित किए जाने के बाद मोहाली को नया मेयर मिलने पर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई थी। पंजाब सरकार ने 8 अप्रैल को गुरु नाभा दास जी की जयंती के उपलक्ष्य में राजकीय अवकाश घोषित किया है। सरकार की अधिसूचना के बाद दिनभर मेयर चुनाव को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। हालांकि शाम को यह स्पष्ट किया गया कि मोहाली को नया मेयर 8 अप्रैल को ही मिलेगा।
निकाय चुनाव के बाद लंबे समय से इंतजार कर रहे पार्षदों के सोमवार का दिन राहत भरा था। राज्य सरकार की ओर से अधिसूचना जारी किए जाने के बाद निगम हाउस की बैठक के लिए एजेंडा जारी कर दिया गया है। नवनिर्वाचित पार्षदों में इसके बाद उत्साह था, तो वहीं मेयर पद को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को राज्य सरकार ने वीरवार 8 अप्रैल को गुरु नाभा दास जयंती के उपलक्ष्य में राजकीय अवकाश घोषित कर दिया गया। जिसके चलते असमंजस की स्थिति पैदा हो गई थी। हालांकि पिछले साल भी गुरु नाभा दास की जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित किया गया था, लेकिन यह अवकाश वैकल्पिक श्रेणी में आता है, इसलिए असमंजस ज्यादा बना रहा। देर शाम निगम कमिश्नर ने राज्य सरकार के आला अधिकारियों से संपर्क कर अवकाश और निगम के नए हाउस की पहली बैठक को लेकर स्थिति स्पष्ट की।
राजकीय अवकाश के बावजूद निगम की बैठक होगी और वीरवार को ही मोहाली को नया मेयर मिलेगा। निगम में बहुमत हासिल कर चुकी कांग्रेस के भीतर ही मेयर पद को लेकर खींचतान चल रही है। एक तरफ जहां सेहत मंत्री के भाई एवं वार्ड नंबर-10 के पार्षद अमरजीत सिंह जीती सिद्धू का नाम सबसे आगे चल रहा है। वहीं, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं तीन बार निगम चुनाव जीत चुके रिशव जैन ने मेयर पद पर अपनी दावेदारी पेश की है। उनका कहना है कि उन्होंने यह दावा वरिष्ठता के आधार पर पेश किया है। इतना ही नहीं उनकी पत्नी भी लगातार चौथी बार जीती हैं। पार्टी हाईकमान जो भी फैसला लेगी वह उन्हें मंजूर होगा। मोहाली नगर निगम के चुनाव में कांग्रेस ने दस साल बाद शानदार तरीके से वापसी की है। निगम चुनाव में कांग्रेस ने 50 सीटों में 37 सीटों पर कब्जा किया है। 11 सीटें आजाद ग्रुप और दो सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीती हैं। शिरोमणि अकाली दल और भाजपा चुनाव में खाता तक नहीं खोल पाई है। चुनाव से पहले से कांग्रेस की तरफ से यह संकेत दिए जा रहे थे कि सेहत मंत्री के भाई अमरजीत सिंह जीती सिद्धू मेयर होंगे।
आठ अप्रैल को होने वाली मेयर के चुनाव को लेकर नगर निगम कमिशनर डॉ. कमल कुमार गर्ग ने स्पष्ट किया है कि पंजाब सरकार ने 8 अप्रैल को गुरु नाभा दास जयंती पर छुट्टी का एलान किया गया है पर इसका मेयर के चुनाव पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा और यह चुनाव निश्चित समय पर ही होगा। निगम कमिश्नर डॉ. कमल कुमार गर्ग ने कहा कि नगर निगम के नए चुने पार्षदों को शपथ दिलवाने और निगम के मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए बैठक एजेंडा जारी कर दिया है। यह बैठक निश्चित समय पर ही होगी। अगर इस संबंधी सरकार ने कोई हिदायत जारी की तो हिदायतों का पालन किया जाएगा।