जीरकपुर। चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर माया गार्डन मैग्नीशिया एक बार फिर विवादों में घिर गया है। हाल ही में नगर परिषद की कार्रवाई के बाद शांत हुआ मामला अब दोबारा तूल पकड़ता नजर आ रहा है। इस बार मुद्दा अवैध रूप से चल रही लिफ्ट का है। सील करने के बावजूद लगातार इसका इस्तेमाल किया जा रहा है। नगर परिषद ने माया गार्डन मैग्नीशिया के परिसर की लिफ्ट को अवैध घोषित कर नोटिस जारी किया था। बाद में उसे सील भी कर दिया गया। यह लिफ्ट रोमियो लेन रेस्टोरेंट तक पहुंचने का मुख्य जरिया बताया जा रहा है। लोगोें का कहना है कि इस लिफ्ट को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी थीं। बार-बार नोटिस भेजने के बावजूद नियमों की अनदेखी की जा रही थी।
नप ने चस्पा किया था नोटिस
23 जनवरी 2026 को नगर परिषद की ओर से सुबह नोटिस चस्पा किया गया, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि उसी दिन शाम तक उसे फाड़ दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासनिक कार्रवाई की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कागजों में सख्ती के बावजूद खुलेआम नियमों को ताक पर रखा जा रहा था।
मामले की जांच अभी जारी है। टीम भेजकर मौके की स्थिति की जांच करवाई जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
- परविंदर सिंह भट्टी, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद