डेराबस्सी। शुक्रवार सुबह हुई बारिश ने डेराबस्सी की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद बरवाला रोड का बड़ा हिस्सा जलमग्न हो गया। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरवाला रोड पर जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बारिश के दौरान पानी की उचित निकासी नहीं हो पाती है। शुक्रवार को भी दोपहिया वाहन चालकों और कार सवारों को पानी के बीच से गुजरना पड़ा।
बरवाला रोड से सटी भगत सिंह नगर कॉलोनी की एक गली में भी बारिश का पानी भर गया। बरवाला रोड के निर्माण और नवीनीकरण का काम पिछले करीब दो वर्षों से जारी है। इस प्रोजेक्ट पर करीब 19 करोड़ रुपये की लागत आई है। लोगों का आरोप है कि यह काम निर्धारित समय में पूरा नहीं हुआ है। प्रोजेक्ट शुरू होने के बाद जलभराव की समस्या कम होने के बजाय बढ़ गई है।
निर्माण कार्य पर सवाल
लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। ठेकेदारों की निगरानी को लेकर भी शिकायतें हैं। उनका कहना है कि अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए। लोगों ने बरवाला रोड की ड्रेनेज व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त करने की मांग की है। इससे आगामी बारिश में हालात खराब होने से बचेंगे।