संवाद न्यूज एजेंसी
डेराबस्सी। गांव समगौली के पास खेतों में बिजली के पोल गिरने से किसानों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी हो रही है। अनाज मंडी की ओर जाने वाले रास्ते से सटे इन खेतों में गिरे पोल और नीचे लटकी तारें किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। स्थानीय निवासियों ने बिजली विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। समगौली गांव के नजदीक मंडी जाने वाले रास्ते पर कई बिजली के पोल गिरे हुए हैं। इन पोलों के गिरने से बिजली की तारें जमीन के काफी करीब आ गई हैं।
इन रास्तों का उपयोग किसान अपनी आवाजाही और कृषि मशीनरी ले जाने के लिए करते हैं। ऐसे में गिरे हुए पोल और तारें उनके लिए खतरा बनी हुई हैं। किसानों का कहना है कि उन्हें खेती के काम के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है। यदि तारों में करंट हो तो उनके पास जाना जानलेवा हो सकता है। उन्होंने विभाग से तारों और बिजली आपूर्ति की स्थिति की जांच करने की मांग की है। इसके बाद गिरे हुए पोलों को दोबारा खड़ा करवाया जाए।
संभावित हादसे का डर
बिजली के पोलों की समय-समय पर जांच और मरम्मत आवश्यक है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि गिरे हुए पोल और तारों को समय रहते ठीक नहीं किया गया तो किसानों को और अधिक परेशानी हो सकती है। यह स्थिति किसी भी बड़े हादसे को न्योता दे रही है। विभाग को संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बिना देरी कार्रवाई करनी चाहिए।
विभाग से तत्काल समाधान की मांग
लोगों ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कराने का आग्रह किया है। उन्होंने गिरे हुए पोलों को तत्काल ठीक कराने की मांग की है। साथ ही, आसपास के कमजोर पोलों की भी जांच कर उन्हें दुरुस्त करने को कहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि विभाग को इस गंभीर समस्या का तुरंत समाधान करना चाहिए।