जीरकपुर। ढकोली इलाके में स्थित हिल व्यू कॉलोनी में निर्माण के लिए बड़े प्लॉटों को छोटे प्लॉटों में काटने के खिलाफ कॉलोनीवासियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि पहले उनकी कॉलोनी में पार्किंग की समस्या बनी रहती थी और अब कॉलोनी में छोटे-छोटे मकान बनने के बाद कॉलोनी में पार्किंग की समस्या बढ़ जाएगी। उन्होंने कॉलोनी में निर्माण कार्यों को बंद करने की मांग को लेकर नगर परिषद में शिकायत दर्ज कराई है।
वकील रितम अग्रवाल, मनीषा सुखेजा, आरके अग्रवाल, डॉ.पीके सिंह, रविंदर त्रेहन, संदीप कुमार, सतपाल बंसल, एचएस सीमा, ज्वाइंट एक्शन कमेटी के अध्यक्ष सुखदेव चौधरी व अन्य निवासियों ने बताया कि उनकी कॉलोनी में 10 मरले के प्लॉटों की अलग-अलग लाइन बनाई गई है। कॉलोनी के प्लॉट नंबर 58, 59, 60 और 61 को कुछ बिल्डरों की ओर से चार प्लॉटों के बजाय आठ प्लॉटों में बांटा गया है। ऐसा करने से पार्किंग की समस्या बढ़ेगी। जब उन्होंने बिल्डर से उक्त प्लॉटों के नक्शे के बारे में पूछा तो उन्होंने नक्शे दिखाने से मना कर दिया। लोगों ने कहा कि वह छोटे प्लॉट नहीं कटने देंगे। भले ही उन्हें अदालत क्यों न जाना पड़े। ज्वाइंट एक्शन कमेटी के अध्यक्ष सुखदेव चौधरी ने कहा कि किसी भी बड़े भूखंड के छोटे टुकड़े कानून के अनुसार नहीं बनाए जा सकते। मौके पर निर्माण कर रहे अजय सिंगला ने बताया कि उन्होंने शिकायत के बाद परिषद के अफसरों को मंजूर नक्शे दिखा दिए हैं। इस पर उन्होंने नक्शे के अनुसार काम जारी रखने को कहा है।