अधिकारी को बिजली की समस्या बताते संगठनों के लोग। संवाद
मोहाली। उद्योगपतियों, आरडब्ल्यूए और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पंजाब ट्रेडर्स कमीशन के सदस्य विनीत वर्मा के नेतृत्व में बिजली कटों को लेकर मोहाली सर्कल के डिप्टी चीफ इंजीनियर सुखजीत सिंह के साथ बैठक की। इस दौरान बिजली की समस्याओं पर चर्चा की गई और मोहाली, डेराबस्सी और खरड़ को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की मांग की गई।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि आजकल पेड़ों को काटने की कोई विशेष आवश्यकता नहीं है, इसलिए ऐसे परमिट जारी नहीं किए जाने चाहिए। विनीत वर्मा ने डिप्टी चीफ इंजीनियर से यह सुनिश्चित करने को कहा कि बिजली कटौती के लिए परमिट विशेष परिस्थितियों में और कम से कम समय के लिए दिए जाएं।
डिप्टी चीफ इंजीनियर ने बताया कि बिजली की कोई कमी नहीं है, लेकिन दो दिन पहले आए तूफान के कारण सप्लाई लाइनों को काफी नुकसान पहुंचा है। इससे दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रभावित लाइनों पर आपूर्ति बहाल कर दी गई है। सरकार लोगों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।