जीरकपुर। किशनपुरा गांव के स्टेलर होम्स सोसाइटी के लोगों ने पुलिस बीट स्टेशन स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने क्षेत्र में बढ़ती आबादी और आपराधिक घटनाओं को देखते हुए यह अपील की है। निवासियों ने पुलिस अधीक्षक गजल प्रीत कौर को ज्ञापन सौंपकर नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने की भी मांग की थी। ज्ञापन में बताया गया कि किशनपुरा और आसपास की आवासीय सोसाइटियों का तेजी से विस्तार हुआ है। इससे आबादी और वाहनों की आवाजाही में लगातार वृद्धि हुई है।
हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था उस अनुपात में मजबूत नहीं हो सकी है। हाल के महीनों में वाहन चोरी, संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाएं बढ़ी हैं। इन घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। निकटतम ढकोली थाना करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित है। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस के मौके पर पहुंचने में समय लग सकता है। निवासियों ने स्टेलर होम्स सोसाइटी के निकट स्थायी पुलिस बीट बॉक्स स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की है।
क्षेत्र की आबादी लगातार बढ़ रही है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था उसी गति से मजबूत नहीं हुई। पुलिस बीट स्टेशन बनने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। इससे पुलिस की मौजूदगी भी हर समय बनी रहेगी। - अंकित तोमर निवासी पीरमुछल्ला।
वाहन चोरी और स्नैचिंग जैसी घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। नियमित पुलिस गश्त और बीट बॉक्स समय की जरूरत है। इससे असामाजिक तत्वों में भी कानून का डर बना रहेगा। - राकेश शर्मा, निवासी ढकोली।
आपात स्थिति में पुलिस के पहुंचने में समय लग जाता है। सोसाइटी के पास पुलिस बीट स्टेशन होने से त्वरित कार्रवाई संभव होगी। इससे लोगों का पुलिस पर भरोसा मजबूत होगा। - विक्रम, निवासी स्टेलर होम ढकोली।
हमारी मांग केवल सुरक्षा को मजबूत करने की है। पुलिस की स्थायी मौजूदगी से अपराधों पर अंकुश लगेगा और लोगों में विश्वास बढ़ेगा। प्रशासन को इस मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। - मुनीश, निवासी स्टेलर होम्स।