जीरकपुर। मेट्रो मॉल के नजदीक वीआईपी रोड पर रहने वाले लोगों की फुटओवर ब्रिज की मांग दो विभागों के खींचतान के बीच फंस कर रह गई है। जीरकपुर में चंडीगढ़-अंबाला हाइवे पर लगातार ट्रैफिक बढ़ रहा है। इस ट्रैफिक में पैदल हाईवे पार करने वालों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। इस साल भी जीरकपुर नगर काउंसिल फुट ओवरब्रिज के लिए जगह देने के लिए कोई काम नहीं कर रही।
एनएचएआई और नगर काउंसिल इस मांग को लेकर कुछ सकारात्मक कदम उठाने के बजाय आपस में उलझी पड़ी है। स्थानीय आरडब्ल्यूए संबंधित विभागों से कई बार पत्राचार कर फुटओवर ब्रिज बनाने की मांग करती आ रही है लेकिन विभागों की ओर से कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला। आरडब्ल्यूए ने बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों सहित स्कूली बच्चों का हवाला देते हुए कहा कि सड़क पार करने के दौरान इन्हें विशेष दिक्कतों का समाना करना पड़ता है। उन्होंने आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि जिस तरह से मार्ग पर वाहनों का दबाव रहता है, उससे हादसों की आशंका बनी रहती है।
फुटओवर ब्रिज की जगह को लेकर काउंसिल और एनएचआईए में उलझन
चंडीगढ़-अंबाला सड़क को हाल ही में चौड़ा किया गया है, लेकिन उसे पार करने के लिए कोई भी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं दी गई है। हाल ही में स्थानीय आरडब्ल्यूए ने एनएचएआई को पत्र लिखा गया था जिसके बाद एनएचएआई की ओर से कहा गया कि फुटओवर ब्रिज का निर्माण कहां किया जाना है, यह स्पष्ट नहीं है। एनएचएआई ने नगर काउंसिल जीरकपुर से फुटओवर ब्रिज बनाने को लेकर प्रस्तावित प्रारूप की भी मांग की थी, लेकिन जो प्रारूप दिया गया, उसमें एनएचएआई ने स्पष्ट किया है कि जो फुटओवर ब्रिज की सीढ़ियां उतरेंगी, वह जगह स्लिप रोड से थोड़ा हटकर होनी चाहिए।
जीरकपुर मेट्रो मॉल के पास फुट ओवरब्रिज बनाने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी को प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था। इसके बाद अथॉरिटी के अधिकारियों ने इंस्पेक्शन के बाद एक-दो ऑब्जेक्शन लगाए थे, जिन्हें पूरा कर लिया गया। इसकी अप्रूवल आने वाली है। -इकबाल सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर जीएमआर कंपनी।
सड़क पार करने के लिए न डिवाइडर कट, न ही कोई और व्यवस्था
इस सड़क पर रोजाना लाखों वाहनों का आवागमन होता है। इस कारण पैदल यात्रियों को सड़क पार करने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पैदल यात्रियों के लिए यहां पर डिवाइडर कट भी नहीं है। वहीं फ्लाईओवर के बाद सिंघपुरा चौक पर लालबत्ती होने से वाहन तीव्र गति से चलते हैं। -कमलजीत सिंह, लोहगढ़
पटियाला से सांसद महारानी परनीत कौर से अपील है कि लोगों की समस्याओं के मद्देनजर एनएचएआई के अधिकारियों से बात कर फुटओवर ब्रिज बनाने के लिए अतिशीघ्र ठोस कदम उठाएं। ऐसा होने से लोगों को जान खतरे में डालकर सड़क पार नहीं करनी पड़ेगी। -भूपिंदर सिंह मांटू।
इस संबंध में कई बार मांग की जा चुकी है। इसके बावजूद एनएचएआई इस ओर से ध्यान नहीं दे रही है। फुट ओवरब्रिज बनने से प्रतिदिन हजारों लोगों को सड़क पार करने में आसानी होगी और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। -कमलजीत सिंह, जीरकपुर।