जीरकपुर। लेक व्यू सोसाइटी के सामने डीपीएस स्कूल से किशनपुरा जाने वाली सड़क पर तेज रफ्तार ट्रॉले की टक्कर से एक डिलीवरी बॉय गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उसकी बाईं टांग घुटने के नीचे से काटनी पड़ी। पुलिस ने ट्रॉला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घायल की पहचान अविदेश कुमार (21) निवासी जिला भागलपुर, बिहार के रूप में हुई है। वह पीरमुछल्ला के ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी का काम करता है।
अविदेश कुमार 26 फरवरी को अपनी बाइक पर जा रहा था। दोपहर करीब साढ़े 11 बजे वह एक अन्य साथी के साथ जा रहा था। आगे सरिया लदा ट्रॉला चल रहा था। साथी के निकलने के बाद जैसे ही अविदेश ट्रॉले को ओवरटेक करने लगा, सामने से कार आने पर चालक ने अचानक कट मार दिया। इससे बाइक ट्रॉले से टकरा गई और पीछे का टायर युवक के ऊपर से गुजर गया। राहगीरों ने चालक को मौके पर काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल को पहले सिविल अस्पताल सेक्टर-6 पंचकूला और फिर (पीजीआई) चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां ऑपरेशन के दौरान उसकी बाईं टांग काटनी पड़ी। थाना ढकोली पुलिस ने चालक जगबीर सिंह निवासी गांव वैरोवाल, जिला तरनतारन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।