जीरकपुर। चंडीगढ़-अंबाला रोड पर सिल्वर सिटी मेन के गेट पर तैनात दो सिक्योरिटी गार्ड को ब्लिंकिट कंपनी के डिलीवरी बॉय और उसके साथियों ने हमला कर घायल कर दिया। घायल दोनों सिक्योरिटी गार्ड की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी और शिकायत के आधार पर हमलावर युवकों की तलाश कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में जर्मन जीत सिंह और गुरविंदर सिंह ने बताया कि रात करीब 8 बजे ब्लिंकिट कंपनी का डिलीवरी बॉय गेट पर आया। उसने सोसाइटी में जाने के लिए कहा। एंट्री करवाने के दौरान उसने गलत पता लिखवाया। डिलीवरी बॉय से संबंधित सामान मंगाने वाले मालिक से बात कराने को कहा। इसके बाद उसको सोसाइटी की कोठी में भेजा गया। कुछ देर बाद कोठी से आने के बाद वह गालियां देने लगा। जब उससे गालियां देने का कारण पूछा गया तो वह बदतमीजी करने लगा।
इससे बाद वह वहां से चला गया और कुछ समय बाद अपने साथ करीब 15 से 16 युवकों को लेकर आया। आते ही उन पर हमला कर दिया। शिकायतकर्ता जर्मनजीत ने बताया कि इस दौरान उसकी बाजू पर चोटें आईं और उसके साथी गुरविंदर के सिर और पीठ पर भी चोटें आई हैं। हमलावरों ने उसकी पग भी उतार दी। उन्होंने पुलिस को 112 नंबर पर शिकायत दी। मामले में जांच अधिकारी ओंकार सिंह ने बताया की शिकायत और आसपास की सीसीटीवी के आधार पर हमलावरों की तलाश की जा रही है। फिलहाल अभी कोई गिरफ्तारी नही हुई है।