मोहाली। फेज-7 में एक मनी एक्सचेंज शॉप का पिछला दरवाजा तोड़कर चोर यूएसए, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा के डॉलर और दुबई के दीनार चोरी करके ले गए। घटना को दिनदिहाड़े अंजाम दिया गया।
थाना मटौर पुलिस ने मनी एक्सचेंज दुकान के मालिक के बयान पर अज्ञात चोर के खिलाफ बीएनएस की धारा 331 (3), 305 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी मिली है, जिसमें एक चोर वारदात को अंजाम देता नजर आ रहा है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
चंडीगढ़ सेक्टर-42बी के रहने वाले सुखदेव सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि फेज-7 में जोत ट्रैवल व स्टार टैक कंप्यूटर की दुकान है। उसकी दुकान पर बलविंदर कौर निवासी फेज-11 भी काम करती है। सुखदेव ने कहा कि वह एयर टिकट, रेलवे टिकट और बस टिकट बुक करने व कंप्यूटर रिपेयर का काम करता है। इसके अलावा उसके पास वेस्टर्न यूनियन, मनीग्राम, ट्रांसफासर व रिया की भी एजेंसी है।
जब भी कोई व्यक्ति उसके पास एयर टिकट बुक करवाता है तो वह उन्हें इंडियन व विदेशी करंसी देता है। उसने बताया कि उसने दुबई के 20 हजार दीनार, यूएसए के 2500 डॉलर, ऑस्ट्रेलिया के 5 हजार डॉलर व कनाडा के 2000 डॉलर के अलावा कुछ अन्य डॉलर एक बैग में डालकर अपने दफ्तर में दराज में रखे हुए थे।
21 फरवरी की सुबह करीब 9 बजे उसे बलविंदर कौर का फोन आया कि दफ्तर का पिछला दरवाजा खुला पड़ा है। वह तुरंत दफ्तर पहुंचा देखा दरवाजा टूटा हुआ था और दराज में रखी विदेशी करंसी गायब थी।